जमशेदपुर:जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक मरीज ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक परसुडीह क्षेत्र का निवासी था और उसे 16 मार्च को अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, वह एचआईवी और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था और पहले से सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। समय-समय पर वह एमजीएम अस्पताल में भी भर्ती होता रहा था।

बताया गया कि देर रात मरीज ने दो बार वार्ड से कूदने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी मां ने सतर्कता दिखाते हुए उसे रोक लिया। हालांकि, तड़के करीब 4 बजे मां की आंख लग गई। इसी दौरान मरीज खिड़की पर चढ़ गया। मां के जागने और रोकने के प्रयास के बावजूद वह नीचे कूद गया।
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




