रांची:झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियानों पर पुलिस मुख्यालय की पैनी नजर बनी हुई है। इस संदर्भ में, हर मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 16 जिलों—रांची, धनबाद, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, खूंटी, गुमला, लातेहार, गढ़वा, पलामू, बोकारो, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, सिमडेगा और लोहरदगा—में अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस बारे में आईजी अभियान अमोल वीणुकांत होमकर ने संबंधित जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि रेंज के डीआईजी समीक्षा बैठक से पहले अपने क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों और उनसे जुड़े मामलों की जांच व दस्तावेजों की समीक्षा सुनिश्चित करें।

बैठकों में नक्सल गतिविधियों की वर्तमान स्थिति, माओवादी और उग्रवादी संगठनों पर की गई कार्रवाई, फरार नक्सलियों के खिलाफ घोषित इनाम और कुर्की की प्रगति, तथा आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को दी जाने वाली सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। इसके अलावा, सरेंडर करने वाले और जमानत पर बाहर नक्सलियों की निगरानी, पुलिस पोस्ट और पिकेट पर सुरक्षा व्यवस्था, और नक्सलियों के खिलाफ चल रहे मामलों में अभियोजन की स्थिति पर चर्चा होगी। साथ ही, स्पेशल ब्रांच और एसआईबी की सूचनाओं पर कार्रवाई, मोबाइल नेटवर्क और संचार व्यवस्था की स्थिति, तथा सड़क और पुल निर्माण की आवश्यकताओं पर भी विचार किया जाएगा। अभियान की रणनीतियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।




