जमशेदपुर : पटमदा के सुंदरपुर में सुभाष सहिस (पश्चिम बंगाल, बलरामपुर निवासी) की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार रात सुभाष की हत्या धारदार हथियार से की गई। साक्ष्य छिपाने के लिए ससुरालवाले शव को बलरामपुर स्थित उसके घर ले गए और आत्महत्या का दावा किया। सुभाष के बेटे संजीव सहिस ने हत्या का आरोप अपनी मां अंजना सहिस, मौसी चंदना सहिस, नाना कालू सहिस और मामा आनंद सहिस पर लगाया। सूचना मिलने पर बलरामपुर और पटमदा पुलिस ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

गिरफ्तारी के बाद ससुरालवालों ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि, सख्ती से पूछताछ के बाद साली चंदना सहिस ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार (हसुआ) बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया और बलरामपुर ले जाया गया। संजीव सहिस के बयान पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।




