Saraikela (संजीव मेहता) : छह महीने के भीतर स्थानांतरित हुए सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो के स्थान पर तात्कालिक प्रभाव से जिले की भूमि सुधार उपसमाहर्ता निवेदिता नियति को अनुमंडल पदाधिकारी का प्रभार सौंपा गया है. उन्होंने शुक्रवार को विधिवत अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) का प्रभार ग्रहण किया. वे निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो से कार्यालय कक्ष में कार्यभार ग्रहण किया.

इस मौके पर कार्यालय कर्मियों द्वारा निवर्तमान SDO सदानंद महतो को माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. वहीं प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. बता दें कि सदानंद महतो का स्थानांतरण राजमहल अनुमंडल कर दिया गया है. हालांकि राज्य सरकार के कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा अभी तक सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी के लिए स्थायी नियुक्ति का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है. फिलहाल निवेदिता नियति प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालेंगी और प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगी.




