जमशेदपुर : एल.बी.एस.एम. कॉलेज के एनसीसी व भूगोल विभाग द्वारा विश्व जल दिवस के अवसर पर “हर बूंद मायने रखती है” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करना और युवाओं को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम का संचालन सीटीओ मिस रितु (प्रभारी एनसीसी अधिकारी और भूगोल विभागाध्यक्ष) ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. संतोष कुमार द्वारा स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता और इस कार्यक्रम की प्रासंगिकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता श्री राज कुमार सिंह (वाटरमैन ऑफ द एरिया और एल.बी.एस.एम. कॉलेज के बीओजी सदस्य) ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में जल संरक्षण के व्यावहारिक तरीकों और सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण परियोजनाओं को अपनाकर जल संकट का समाधान किया जा सकता है।
दूसरे विशिष्ट अतिथि डॉ. सुरभि सिन्हा (असिस्टेंट प्रोफेसर, भूगोल विभाग, वर्कर्स कॉलेज, जमशेदपुर) ने जल संकट की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने जल प्रबंधन की आवश्यकता, जल के पुनर्चक्रण (रिसाइकलिंग), और जल की बचत के छोटे-छोटे उपायों की महत्ता पर चर्चा की।
कार्यक्रम में 45 एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई और जल संरक्षण की शपथ ली।कार्यक्रम के अंत में कॉपोरल पूर्णिमा मुर्मू ने धन्यवाद ज्ञापित किया l कार्यक्रम के समापन के बाद सभी कैडेट्स को जलपान प्रदान किया गया | यह जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ जिसमे उपस्थित विद्यार्थियों के साथ साथ डॉ विजय प्रकाश, प्रोफेसर विनोद कुमार, डॉ जया कच्छप ने भी जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।




