सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी प्रभारी निरंजन कुमार ने क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान की शुरुआत करते हुए थाना बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की शिकायतों के मद्देनज़र थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान न्यू सहारा मेडिकल टी ओ पी चौक प्रोफेसर 12 नंबर, शगूफी मेडिकल गौसनगर , रानी मेडिकल हाशमी मोहल्ला, ग्रीन मेडिकल गौसनगर, अशर्फी मेडिकल टी ओ पी चौक, प्रिंस मेडिकल गौस नगर नियर फुटबॉल मैदान सहित विभिन्न चौक चौराहों सहित संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर जांच की गई। थाना प्रभारी ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे बिना पर्ची के कोई भी प्रतिबंधित दवा न बेचें। साथ ही, थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि कई स्थानों पर बिना रजिस्ट्रेशन और बिना लाइसेंस के भी नशीली दवाओं की बिक्री की जानकारी मिली है, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

थाना प्रभारी ने बताया कि आने वाले दिनों में अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए अंचलाधिकारी (CO) और ड्रग्स इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम गठित की जाएगी। यह टीम क्षेत्र के सभी मेडिकल दुकानों का निरीक्षण करेगी। यदि किसी भी स्थान पर प्रतिबंधित या बिना वैध दस्तावेजों के दवाएं पाई जाती हैं, तो उस दुकान को सील कर दिया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की लत से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है, और इसमें लिप्त दुकानदारों की भूमिका बेहद निंदनीय है। पुलिस का यह अभियान समाज को नशामुक्त करने की दिशा में एक अहम कदम है। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि वे किसी स्थान पर प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री होते देखें, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
कपाली थाना की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह के निरंतर प्रयासों से नशे के कारोबार पर लगाम लगेगी और युवा पीढ़ी को एक सुरक्षित भविष्य मिलेगा। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता और निगरानी अभियान से निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।




