जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. शुक्रवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 4, खरकई नदी किनारे दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है. मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया.

छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरकई नदी के किनारे संदिग्ध स्थिति में मौजूद दो व्यक्तियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से लोहे से बना एक देशी कट्टा और दूसरे के पास से 8 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविनाथ मछुआ और आशिष मछुआ के रूप में हुई है. दोनों शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर- 5, जयप्रकाश नगर, थाना कदमा के रहने वाले हैं. सिटी एसपी ने बताया कि दोनों आपस में चाचा- भतीजा हैं और क्षेत्र में हथियार के बल पर लोगों को डराने- धमकाने का काम करते थे. सिटी एसपी ने जानकारी दी कि मुख्य आरोपी रविनाथ मछुआ का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में अवैध शराब बिक्री के मामले में जेल जा चुका है.




