
हरि शर्मा चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा बार-बार सिंहभूम संसदीय सीट पर अपनी दावेदारी ठोक रही है। जबकि कांग्रेस पार्टी इस पर अपना अधिकार मान रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा की पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्य समिति की बैठक में भी इस मसले पर चर्चा हुई। इस बैठक में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरूवा भी मौजूद रहे।
पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से उनका अभिनंदन समारोह किया गया। अभिनंदन कार्यक्रम के बाद जिला कार्य समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सिंहभूम संसदीय सीट पर देवदारी से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराना है। महागठबंधन के निर्णय पर यदि यह सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा को मिलती है तो सभी विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर इस जीत में तब्दील करने की कोशिश करेंगे। पत्रकारों से बात करते हुए जिलाध्यक्ष सुखराम उरांव ने कहा कि सिंहभूम सीट पर हमारा दावा बनता है। केंद्रीय नेतृत्व जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी हम सब मिलकर जीत सुनिश्चित करेंगे। मंत्री दीपक बिरूवा ने भी जिला कमेटी के दावा का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है, केवल निर्णय आना बाकी है।




