सरायकेला : (संजीव मेहता) : सरायकेला नगर में आज झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव का भव्य स्वागत किया गया. उनके साथ आयोग के सदस्य लछ्मण यादव एवं नंद कुमार मेहता भी उपस्थित रहे. बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार और सरायकेला के जिला अध्यक्ष बैजू कुमार ने अंगवस्त्र एवं स्मृति‑चिन्ह प्रदान कर अतिथियों का सम्मान किया. इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बैजु कुमार ने सरायकेला क्षेत्र में आने वाले सभी नगर निकायों (मेयर, उपमेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष) में पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने हेतु ज्ञापन सौंपा. इस संदर्भ में पिछड़ा वर्ग की उपस्थिति एवं प्रतिनिधित्व पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें आयोग अध्यक्ष ने समस्त विषयों को सुनने एवं विचार करने की गंभीरता के साथ आश्वासन दिया. इस दौरान जनार्दन कुमार एवं रंजीत कुमार की उपस्थिति भी रही. इस दौरे को सामाजिक न्याय और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया है.

अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव द्वारा सरायकेला की निकायों में पिछड़ा वर्ग आरक्षण की मांग को गंभीरता से सुना गया. सभी प्रतिनिधिमंडलों ने पिछड़ा वर्गों की उचित उपस्थिति और प्रतिनिधित्व पर चर्चा की. आयोग के अध्यक्ष ने निवेदन को स्वीकार करते हुए शीघ्र विचार एवं समाधान का आश्वासन दिया. बता दें कि हाल ही में जानकी प्रसाद यादव को आयोग अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है, जिसके बाद आयोग अब पूर्ण रूप से सक्रिय होकर ट्रिपल‑टेस्ट प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है.




