घाटशिला : आगामी घाटशिला उप चुनाव को देखते हुए प्रशासन द्वारा अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला एवं सहायक आयुक्त, उत्पाद पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार उत्पाद विभाग की एक विशेष टीम ने गालूडीह थाना क्षेत्र के गुढ़ाझोर एवं काशपानी गांवों में अवैध शराब भट्टियों के खिलाफ बड़ी छापामारी कार्रवाई की।

इस अभियान का नेतृत्व निरीक्षक उत्पाद रामदास भगत ने किया। उनके पर्यवेक्षण में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर कुल 5 अवैध चुलाई शराब भट्टियों को ध्वस्त किया। छापेमारी के दौरान करीब 1150 किलोग्राम जावा महुआ (जो अवैध शराब बनाने में प्रयोग होता है) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया तथा 57 लीटर तैयार चुलाई शराब को जब्त किया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, छापामारी के दौरान अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।




