सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड में मनरेगा दिवस का समापन समारोह आज प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी (BDO) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। 3 फरवरी से 8 फरवरी तक मनाए गए इस कार्यक्रम का समापन बड़ा ककड़ा पंचायत भवन में हुआ, जहां मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, स्वयंसेवक, मनरेगा श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह के दौरान 100 दिन पूर्ण करने वाले श्रमिकों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मजदूरों और “सर्वोत्तम मिला हरित बागान योजना” के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर BDO अभय द्विवेदी ने ग्रामीणों को मनरेगा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि और कृषिजन्य गतिविधियां ही प्रमुख रोजगार के साधन हैं, जिन्हें मनरेगा की योजनाओं से और भी सशक्त बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत मत्स्य पालन, कृषि कार्य, सिंचाई सुविधा, तालाब निर्माण एवं अन्य रोजगारपरक योजनाओं को अपनाकर ग्रामीण अपने जीवन स्तर को सुधार सकते हैं। साथ ही, “बिरसा हरित ग्राम योजना” के तहत इमारती लकड़ी, फलोद्यान और जैविक खेती को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए BDO ने बताया कि मनरेगा के तहत 23% महिला श्रमिक कार्यरत हैं, जो पुरुष श्रमिकों की अपेक्षा अधिक योगदान दे रही हैं। उन्होंने श्रमिकों के पलायन को रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए सभी नागरिकों से मनरेगा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।




