Saraikela (संजीव मेहता) : प्रभात पार्क के आसपास फुटपाथी दुकानदारों का वार्ड 17 के प्रबुद्धजनों ने खुलकर विरोध किया है. इस बाबत आज वार्ड 17 के जे एस टावर में प्रबुद्धजनों की बैठक पार्षद नीतू शर्मा की अध्यक्षता में हुई. जिसमें फुटपाथों पर लगने वाले दुकानों के साथ वार्ड में 7 एलएफ के आसपास रिक्त पड़े जमीन पर 2 अन्य पार्क निर्माण के साथ सड़क सुरक्षा से संबंधित मुद्दों का प्रस्ताव भी प्रबुद्धजनों ने पारित किया. बैठक में यह भी प्रस्ताव आया कि प्रभात पार्क का जो टेंडर कर संवेदक को दिया गया है उसका टेंडर रद्द कर आमजनों के लिए वार्ड की एक कमेटी बनाकर सौंप दिया जाय. इसके साथ ही 7 एलएफ के 15 नंबर ब्लॉक ल सामने और 12/13 ब्लॉक के पीछे खाली पड़ी जमीन पर भी मास्टर प्लान के मुताबिक पार्क बनाकर वार्डवासियों को सुपुर्द करने का प्रस्ताव पारित किया गया.

इसके अलावा वार्ड 17 में जिस भी सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण कर लिया गया है उसे अतिक्रमण मुक्त कराकर वहां वृहत रूप से पौधरोपण कराने का प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक में प्रभात पार्क के पास एक साजिश के तहत नशाखोरी का अड्डा बनाने और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगाने पर पुरजोर विरोध किया गया.
आज की बैठक में वार्ड के बुद्धिजीवी उद्यमी डॉ सुधीर सिंह, डॉ अखौरी मिंटू सिन्हा, अशोक कुमार, जितेंद्र रजक, राम लखन सिंह, मनोज तिवारी, दीपक कुमार, जवाहर सिंह मामाजी, महेश राम, एनके सिंह, चंचल सरोज, रश्मि कुमारी सिंह, राजमती प्रसाद, प्रिया कुमारी, सुरेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे.





