Saraikela (संजीव मेहता) : जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है. चर्चित कन्हैया यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रजा आलम से मिलने पहुंची उसकी मां फरीदा बेगम कथित तौर पर मोबाइल फोन जेल के अंदर ले गईं और मुलाकाती कक्ष व जेल परिसर का वीडियो बना लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई की. ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एक महिला होमगार्ड और दो कक्षपालों को निलंबित कर दिया गया है. वहीं फरीदा बेगम के खिलाफ परसुडीह थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जांच में सामने आया कि मुख्य प्रवेश द्वार पर तलाशी की प्रक्रिया तो हुई, लेकिन वह केवल औपचारिकता बनकर रह गई. आरोप है कि फरीदा बेगम अपना स्मार्टफोन छिपाकर जेल के अंदर मुलाकाती कक्ष तक पहुंचाने में सफल रहीं और वहीं वीडियो रिकॉर्डिंग की. वायरल वीडियो में रजा आलम के अलावा शहर के कई चर्चित अपराधी भी नजर आए.

इनमें रंगदारी और फायरिंग मामलों के आरोपी विक्की कुंडी, गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी अमन शेखर समेत अन्य बंदी दिखाई दिए. इससे जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. वीडियो वायरल होने के बाद जेल अधीक्षक अजय प्रजापति ने पूरे मामले की जांच कराई. वीडियो और उसमें सुनाई दे रही आवाज का मिलान करने के बाद घटना की पुष्टि हुई. इसके बाद संबंधित सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई.
* साजिश और मिलीभगत की जांच – पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मोबाइल फोन जेल के भीतर कैसे पहुंचा. जांच का फोकस इस बात पर भी है कि कहीं जेल के किसी कर्मचारी की मिलीभगत तो नहीं थी. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए मुलाकात व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है.





