ICC Champions Trophy : भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। विराट कोहली की बेहतरीन पारी और हार्दिक पांड्या की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने ऑस्ट्रेलिया की ट्रॉफी जीतने की उम्मीदों को तोड़ दिया। इस जीत के साथ भारत ने विश्व कप में मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 265 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

कप्तान रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत की, लेकिन 28 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और 98 गेंदों पर 84 रन की लाजवाब पारी खेली। वह बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में जांपा की गेंद पर कैच आउट हो गए। श्रेयस अय्यर ने 45 रनों का योगदान दिया, जबकि अक्षर पटेल ने 30 गेंदों पर 27 रन बनाए। आखिरी ओवरों में केएल राहुल ने संयम भरी बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई। वहीं, हार्दिक पांड्या ने लगातार दो छक्के जड़कर टीम का मनोबल बढ़ाया। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने तीन, जबकि जडेजा और वरुण ने दो-दो विकेट चटकाए।




