रांची : रवांडा की युवा बल्लेबाज़ फैनी उतागुशिमानिंदे ने महज़ 15 वर्ष की उम्र में महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अद्भुत उपलब्धि हासिल कर सबको चौंका दिया। नाइजीरिया में आयोजित एक आमंत्रण प्रतियोगिता के दौरान घाना के विरुद्ध अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
फैनी ने 65 गेंदों का सामना करते हुए 17 बेहतरीन चौकों की बदौलत 111 रन बनाए और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस असाधारण पारी के साथ वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पदार्पण मैच में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। इसके अलावा, 15 वर्ष और 223 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने सबसे कम उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

इससे पहले यह कीर्तिमान युगांडा की प्रोस्कोविया अलाको के नाम था, जिन्होंने 16 वर्ष 233 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। फैनी की शानदार बल्लेबाज़ी का असर पूरे मैच पर साफ दिखा। उनकी पारी की बदौलत रवांडा ने घाना के खिलाफ 122 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। यह उपलब्धि न केवल उनके करियर की शानदार शुरुआत है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में एक नया अध्याय भी जोड़ती है।



