दिल्ली (प्रतीक सिंह) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की 2020 में हुई मृत्यु के मामले में ‘क्लोजर रिपोर्ट’ पेश की है। यह रिपोर्ट मुंबई की विशेष अदालत में दाखिल की गई, जहां अब अदालत को यह निर्णय लेना है कि वह मामले को बंद करने की अनुमति देती है या जांच को आगे बढ़ाने के निर्देश देती है। सुशांत 14 जून, 2020 को मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, और उनकी आयु 34 वर्ष थी। शुरू में, बिहार पुलिस ने सुशांत के पिता की शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था।

सीबीआई ने इस मामले की जांच बिहार पुलिस से संभाली थी। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के फोरेंसिक विशेषज्ञों ने सीबीआई को दिए गए अपने परामर्श में हत्या के आरोपों को खारिज किया था। सीबीआई ने राजपूत की कथित प्रेमिका रिया चक्रवर्ती और उनके करीबी संबंधियों से पूछताछ की थी, साथ ही अभिनेता के स्वास्थ्य से जुड़े दस्तावेज भी एकत्र किए थे। राजपूत के पिता ने चक्रवर्ती पर उनके बेटे के पैसे के गबन का आरोप लगाया था, हालांकि रिया ने इसे नकारा था।




