रांची : बोकारो प्रक्षेत्र के डीआईजी आनंद प्रकाश ने होली पर्व को लेकर प्रक्षेत्र के सभी पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था संधारण एवं विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक पर्व पर किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीआईजी ने सभी एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने गश्ती दलों को सक्रिय रखने, शराब के अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईजी आनंद प्रकाश ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि पर्व के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे का माहौल बना रहना चाहिए। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा आम जनता से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।




