Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह में सिरिस भट्टा के पास आपसी रंजिश को लेकर बीती रात गोली चली है. इस अंधाधुंध फायरिंग की घटना से क्षेत्र में तनाव एवं दहशत का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलीबारी की इस घटना में राजवीर सिंह उर्फ लालटू नामक युवक को गोली लगी है.
गंभीर रूप से घायल युवक की पीठ में गोली लगी है, जिसे उपचार हेतु टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के मुताबिक घटना के दौरान कुल पांच राउंड फायरिंग हुई है. गोलीबारी की इस घटना से स्थानीय लोग दहशत में आ गए और कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. प्रारंभिक पुलिस जांच में जो बात सामने आई है उसमें इस गोलीकांड में शुभम सरकार एवं कालू लोहार की संलिप्तता बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार आरोपियों का मुख्य लक्ष्य आशीष दीप नामक युवक था, किंतु घटना के दौरान राजवीर सिंह को गोली लगी है. घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश बताई जा रही है. घटना के बाद आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की तथा डीएसपी समीर कुमार संवैया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.




