जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता का आयोजन कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय (बिष्टूपुर) में किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा देश की गौरवशाली लोकतांत्रिक और संवैधानिक परंपराओं को लगातार कमजोर कर रही है। बन्ना गुप्ता ने कहा कि इंदिरा गांधी का लहू इस मिट्टी में सना है और देश के सपूत राजीव गांधी ने राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। आज भाजपा सरकार संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के कानूनों पर हमला कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल, रेल सहित कई सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण कर उन्हें चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत किसानों, मजदूरों और गरीबों का देश है। कांग्रेस सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना को देशभर के 800 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया, जो आगे चलकर पूरे देश में सफल रही। लेकिन भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। पूर्व मंत्री ने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र विरोधी ताकतों ने प्रार्थना सभा में जाते समय नाथूराम गोडसे द्वारा बापू की हत्या करवाई। गांधी जी ने अंतिम समय में “हे राम” कहते हुए प्राण त्यागे, लेकिन आज उन्हीं के नाम और प्रतीकों का राजनीतिक लाभ के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है।

बन्ना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं मनरेगा को कांग्रेस का “स्मारक” बताया था। कांग्रेस शासनकाल में इस योजना के तहत केंद्र सरकार 90 प्रतिशत और राज्य सरकार 10 प्रतिशत खर्च वहन करती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने VB-GRAM G जैसी व्यवस्था लागू कर केंद्र का हिस्सा घटाकर 60 प्रतिशत और राज्य का बोझ 40 प्रतिशत कर दिया, जो ग्रामीण मजदूरों के साथ सीधा छल है।
आर्थिक मोर्चे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि मोदी राज में सोना 1.35 लाख रुपये तक पहुंच गया है। डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में डॉलर का मूल्य 58 रुपये था, जो आज 92 रुपये के पार है। इससे साफ है कि देश की आर्थिक व्यवस्था चरमरा गई है। नियोजनालय के आंकड़े निकालकर देखने पर बेरोजगारी की भयावह स्थिति सामने आती है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 5 जनवरी को कांग्रेस पार्टी राज्य स्तरीय “मनरेगा बचाओ रैली” का आयोजन करेगी। यह रैली रांची के बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से राजभवन तक मार्च के रूप में निकाली जाएगी, जिसमें राज्यभर के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और मनरेगा मजदूर शामिल होंगे। बन्ना गुप्ता ने कहा कि भाजपा केवल नाम बदलने की राजनीति नहीं कर रही, बल्कि दुर्भावना से ग्रसित होकर महापुरुषों की विरासत को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सरदार पटेल ने अपने समय में आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन आज भाजपा उन्हीं के नाम पर राजनीति करती है। कभी गांधी जी का चश्मा अपनाया जाता है, तो कभी उनके मूल विचारों का हनन किया जाता है। अंत में उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा युद्ध रुकवाने के दावे पर भी मोदी सरकार ने कोई ठोस खंडन नहीं किया, जो विदेश नीति की कमजोरी को दर्शाता है।






