Saraikela (संजीव मेहता) : टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी सह सीईओ) टीवी नरेंद्रन ने कहा है कि कंपनी वर्ष 2028 तक जमशेदपुर में करीब 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी. उन्होंने शुक्रवार को नए साल के अवसर पर केक कटिंग समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी.
टीवी नरेंद्रन ने बताया कि फिलहाल कांबी मिल की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। जिस पर लगभग 2 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है. इसके साथ ही टिनप्लेट कंपनी के विस्तारीकरण का कार्य भी चल रहा है, जिस पर करीब 2 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे. उन्होंने बताया कि टाटा स्टील जल्द ही जमशेदपुर प्लांट में ब्लास्ट फर्नेस में ईज़ी मेल्ट टेक्नोलॉजी लगाएगी. यह परियोजना जर्मनी की कंपनी एसएमएस के सहयोग से स्थापित की जाएगी, जिस पर 2 से 3 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा.

इस तकनीक से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और कोयले की खपत में 30 से 40 प्रतिशत तक की कमी होगी. इसके अलावा ई-ब्लास्ट फर्नेस के रिलाइनिंग का कार्य भी शुरू किया जाएगा. टीवी नरेंद्रन ने यह भी बताया कि टाटा स्टील जमशेदपुर में ही नई तकनीक ‘हिसरना’ आधारित प्लांट स्थापित करेगी. वर्तमान में इस तकनीक का 60 हजार टन प्रति वर्ष क्षमता वाला पायलट प्लांट नीदरलैंड में संचालित है.






