समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गिट्टी व्यवसायी सोनू सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रेक प्वाइंट के पास हुई, जहां सोनू सिंह कुछ लोगों के साथ ताश खेल रहे थे। इसी दौरान पहुंचे अपराधियों ने पहले इलाके में दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध फायरिंग की और फिर सोनू सिंह के सिर में गोली मार दी। परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने पांच गोलियां चलाईं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल सोनू सिंह को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मृतक की पत्नी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गोली लगने के बाद सोनू सिंह करीब एक घंटे तक जमीन पर तड़पते रहे, लेकिन समय पर न तो पुलिस पहुंची और न ही किसी ने मानवीय आधार पर उनकी मदद की।

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर समय पर इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। साथ ही उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घायल का फर्द बयान भी दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुआवजे तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई।





