सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली पुलिस को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हाथ लगी है। कपाली ओपी क्षेत्र के चर्चित रंगदारी, गोलीबारी और लूट मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी साकिर साह उर्फ भेदा को कपाली थानेदार अविनाश कुमार ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-7 स्थित मुंशी मोहल्ला से की गई। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
यह मामला 5 अप्रैल 2025 की रात का है, जब कपाली स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में कुछ अपराधी पहुंचे और दुकान संचालक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी और दुकान में रखे मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। इस संबंध में कपाली ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल अन्य सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, लेकिन मुख्य आरोपी साकिर साह लगातार गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।

वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर उसके ठिकाने का पता लगाया और उसे दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, साकिर साह का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, रंगदारी, मारपीट, गोलीबारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वर्ष 2018 से लेकर 2025 तक उसके विरुद्ध कई आपराधिक कांड दर्ज होने की पुष्टि हुई है। गिरफ्तारी अभियान में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, रणजीत कुमार सिंह, सशस्त्र बल के जवान, रिजर्व गार्ड तथा तकनीकी शाखा के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






