लोहरदगा : लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अंतिम संस्कार को ले दो गांवों के ग्रामीणों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। सूचना मिलने पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराते हुए खुद शव को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाने का काम किया और शव के अंतिम संस्कार में सहयोग किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि अलौदी पंचायत के अलौदी गांव और भड़गांव पंचायत के पारही डांड़ी टोली के ग्रामीणों के बीच शवदाह को लेकर आपस में विवाद हो गया। बताया गया कि पारही डांड़ी निवासी एक वृद्ध व्यक्ति का दो दिन पूर्व निधन हो गया था। परिजन और ग्रामीण गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी अलौदी गांव के कुछ ग्रामीणों ने वहां शव जलाने का विरोध किया। विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि दूसरे गांव का शव अपने गांव के सीमाने पर जलाने देने से गांव में भूत-प्रेत का प्रकोप बढ़ सकता है।

साथ ही श्मशान घाट की सीमा (सिमाना) को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और अंतिम संस्कार दो दिनों तक रूका रहा रुका रहा। मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। इन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर आपसी विवाद समाप्त कराया। इसके बाद इन्होंने स्वयं शव को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाने में सहयोग करते हुए शव का अंतिम संस्कार संपन्न कराया।






