जमशेदपुर : जमशेदपुर में कई गंभीर आपराधिक एवं बलात्कार के आरोपी दिनकर कच्छप को बिष्टुपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 02/2025 और 09/2025 में दर्ज मामलों के आधार पर की है। बताया जा है कि इन मामलों में दिनकर कच्छप पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनकी जांच के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनकर कच्छप के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक एवं बलात्कार के मामले दर्ज हैं। इनमें बिरसानगर, सीतारामडेरा, गालूडीह, एमजीएम और बिष्टुपुर थाना सहित अन्य क्षेत्रों में दर्ज मामले शामिल बताए जा रहे हैं। दर्ज मामलों में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कानून-व्यवस्था भंग करने, मारपीट, बलात्कार तथा अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित आरोप शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों की कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। संबंधित मामलों की जांच अभी भी जारी है और पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है।
दिनकर कच्छप की गिरफ्तारी को लेकर शहर में विभिन्न स्तरों पर चर्चा हो रही है। लंबे समय से उनके खिलाफ दर्ज मामलों और हालिया गिरफ्तारी को कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप की जाती है।






