Saraikela (संजीव मेहता) : गम्हरिया स्थित आदर्श नगर में आपसी विवाद के दौरान हुई चाकूबाजी में घायल व्यक्ति की मौत हो गई है. घटना बीते 2 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है. मृतक की पहचान फुटूस कुमार के रूप में हुई है. प्रेसवार्ता में एसडीपीओ समीर सवैया ने बताया कि फुटूस बिहार के नालंदा से अपने भाई के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने आया था.

इसी दौरान वह अपनी बहन के घर आदर्श नगर पहुंचा था. बहन के ससुर दशरथ प्रसाद के घर में किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ, जो देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया. इस घटना में फुटूस गंभीर रूप से घायल हो गया था. स्थानीय लोगों की मदद से उसे टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बीती रात उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी दशरथ प्रसाद को हिरासत में ले लिया है. वहीं पूरे मामले की जांच जारी है. एसडीपीओ ने बताया कि जांच के आधार पर और भी गिरफ्तारियां संभव हैं. घटना के बाद आदर्श नगर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में गश्त बढ़ा दी है.




