Saraikela (संजीव मेहता) : आयुष्मान भारत द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के तहत शनिवार को सैंकड़ों माताओं और नवजातों के लिए निःशुल्क मेगा हेल्थ चेक-अप कैंप आदित्यपुर में लगाया गया. जिसका 200 से अधिक महिलाओं ने लाभ उठाया. यह स्वास्थ्य शिविर मेडिनोवा नर्सिंग होम आदित्यपुर के प्रांगण में लगाया गया. इस शिविर का उद्घाटन नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माताओं और नवजातों के लिए यह शिविर अत्यंत उपयोगी है.

ऐसे शिविरों में कमजोर वर्ग की माताओ को स्वास्थ्य लाभ मिलता है यह बहुत ही सराहनीय कार्य है. उन्होंने बताया कि यह अस्पताल सरायकेला- खरसावां जिले में 10 वर्षों से आयुष्मान भारत के तहत माताओं और नवजातो के निःशुल्क इलाज में सेवारत है. 10 वर्षों की इस अवधि में मेडिनोवा अस्पताल द्वारा 4000 से भी अधिक नवजातों का इलाज किया है. बता दें कि मेडिनोवा पूरे कोल्हान में महिला द्वारा संचालित तथा NABH द्वारा मान्यता प्राप्त पहला नर्सिंग होम हैं, जो नवजात बच्चे एवं माताओं का इलाज करता है. आज के कैंप में सरायकेला, खरसावां, राजनगर, कुचाई, चांडिल, नीमडीह, चाईबासा, पोटका तथा हाता से लाभार्थी शामिल हुए. आयुष्मान भारत द्वारा लाभान्वित हुए बच्चे शामिल हुए. जिनका डा रश्मि वर्मा, स्त्रीरोग विशेषज्ञ और डॉ अखौरी मिंटू सिन्हा शिशु रोग विशेषज्ञ ने इलाज किया. शिविर में महिलाओं और नवजातों के लिए भोजन की भी व्यवस्था थी. इस मौके पर समाज सेवी वीरेंद्र सिंह यादव, रामचंद्र पासवान, आर एन प्रसाद, पूर्व पार्षद नीतू शर्मा आदि मौजूद रहीं.




