Saraikela (संजीव मेहता) : पूर्वी भारत के स्टार्टअप पारितंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में Navachar Research Incubation and Innovation Council एवं अर्का जैन विश्विधालय द्वारा आयोजित “ईस्ट इंडिया स्टार्टअप प्रदर्शन दिवस” का सफल आयोजन अर्का जैन विश्विधालय, जमशेदपुर में संपन्न हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ की गई.
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथियों के रूप में डॉ. अमित श्रीवास्तव, निदेशक, अरका जैन विश्वविद्यालय; मनोज कुमार, संस्थापक, बेटर वर्ल्ड फाउंडेशन; डॉ. रंजीत प्रसाद, पूर्व प्राध्यापक, NIT Jamshedpur एवं सिंडिकेट सदस्य, Kolhan University, विशाल अग्रवाल, निदेशक, सीटीसी समूह, संतोष शर्मा, संस्थापक, बुकमायजेट, कुमार विशाल, निदेशक, ग्रेट डिज़ाइन्स, सागर चानाना, संस्थापक, रुस्सा क्रिएशन्स, तथा अमर नाथ सिंह, संस्थापक एवं निदेशक, एनआरआईआईसी उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने पूर्वी भारत में स्टार्टअप्स की बढ़ती संभावनाओं तथा निवेश पारितंत्र के निर्माण की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए.

* इस विशेष प्रदर्शन दिवस में कुल 16 चयनित- राजस्व-आधारित स्टार्टअप्स ने अपने नवाचार, व्यावसायिक मॉडल और विस्तार योजनाओं को प्रस्तुत किया. इनमें झारखंड से 11 स्टार्टअप्स, बिहार से 3 स्टार्टअप्स, पश्चिम बंगाल से 1 स्टार्टअप तथा ओडिशा से 1 स्टार्टअप शामिल रहे. ये सभी स्टार्टअप्स ₹30 लाख से ₹3 करोड़ तक के निवेश की तलाश में हैं और वर्तमान में राजस्व अर्जित कर रहे हैं.
कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से प्रतिष्ठित निवेशकों ने भाग लिया. इनमें विजय बावरा, स्टार्टअप पारितंत्र विशेषज्ञ (पूर्व में NASSCOM एवं T-Hub), हैदराबाद से, वर्तुल जैन, वरिष्ठ निवेश विश्लेषक एवं स्टार्टअप सहभागिता प्रमुख, दिल्ली से, गरिमा सेठ, निवेश बैंकर, मेरिसिस एडवाइजर्स, दिल्ली से, अरिजीत भट्टाचार्य, संस्थापक एवं अध्यक्ष, Virtual Infocom, कोलकाता से तथा विशाल निकुम्भ, KarekeBa Ventures, पटना से शामिल हुए. स्टार्टअप प्रस्तुतियों और निवेशकों के साथ हुई विस्तृत चर्चाओं के परिणामस्वरूप, 11 स्टार्टअप्स में कुल ₹4.6 करोड़ के संभावित निवेश के लिए निवेशकों ने रुचि व्यक्त की है. ये सभी 11 स्टार्टअप्स अब निवेशकों के साथ दूसरे चरण की व्यक्तिगत बैठकों में शामिल होंगे, जिसमें विस्तृत चर्चा, मूल्यांकन और निवेश से संबंधित आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.




