रांची : झारखंड में हाल ही में बड़े पैमाने पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन के बाद अब पुलिस महकमे में एक और महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाए तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार राज्यसभा चुनाव के बाद कभी भी राज्य डीआईजी और आईजी स्तर के अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, प्रशासनिक कार्यों में गति लाने तथा विभिन्न रेंजों और इकाइयों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया जा सकता है। कई अधिकारी वेटिंग फॉर पोस्टिंग के इंतजार में है। ऐसे में उनके स्थानांतरण की संभावनाएं जताई जा रही है।

पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग स्तर पर इस संबंध में मंथन चलने की चर्चाएं चल रही है। प्रशासनिक गलियारों में माना जा रहा है कि आगामी दिनों में जारी होने वाले आदेश के बाद कई महत्वपूर्ण रेंजों और विशेष इकाइयों में नए अधिकारियों की तैनाती देखने को मिल सकती है। इससे पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा और कार्यशैली का समावेश होने की उम्मीद जताई जा रही है।





