आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चुना भट्टा के समीप सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हैया दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और वे दोषी वाहन चालक पर कड़ी कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार कन्हैया दास अपनी स्कूटी से दवा लाने के लिए निकला था।
इसी दौरान चुना भट्टा के समीप पीछे से तेज गति में आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। परिजनों का कहना है कि परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है, ऐसे में दोषी ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

परिजनों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन की ओर से न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई और मुआवजे की व्यवस्था नहीं हुई तो वे थाना का घेराव कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। वहीं पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।




