Saraikela (संजीव मेहता) : एनआईटी जमशेदपुर की मेज़बानी में चल रहे अखिल भारतीय इंटर एनआईटी खेल समागम 2025-26 का समापन हो गया है. अंतिम दिन का खेल काफी रोमांचक भरा रहा. महिला फुटबॉल वर्ग के फाइनल मैच में एनआईटी, राउरकेला को 1-0 से पराजित करते हुए एनआईटी, कालीकट ने स्वर्ण पदक हासिल की. कड़ी प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन करते हुए एनआईटी राउरकेला ने रजत पदक अपने नाम किया.

कांस्य पदक के लिए खेले गए मैच में एनआईटी तिरुचिरापल्ली ने एनआईटी दिल्ली के विरुद्ध जीत हासिल की. एनआईटी तिरुचिरापल्ली की छात्रा दिपांशी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया. सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का अवार्ड एनआईटी कालीकट की छात्रा क्रिस्टिना बेविन को दिया गया. टेबल टैनिस (महिला) वर्ग के फाइनल मैच में शानदार खेल दिखाते हुए एनआईटी तिरुचिरापल्ली ने एसवीएनआईटी सूरत को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. जबकि एसवी एनआईटी सूरत दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक हासिल किया. इसी वर्ग के कांस्य पदक मैच में एनआईटी जमशेदपुर ने एनआईटी जलंधर को मात देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन समारोह के साथ हुआ जिसमें सौरभ तिवारी (अध्यक्ष, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने विजेताओं को सम्मानित किया.




