पटना : बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान संपन्न होगा—पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। राज्य भर में 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं ताकि हर मतदाता को आसानी से मतदान की सुविधा मिल सके।

इस चुनाव में 14 लाख नए नागरिकों को वोटिंग सूची में जोड़ा गया है, जिनमें 100 वर्ष से अधिक आयु वाले 14,000 मतदाता भी शामिल हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि राज्य में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और आधुनिक बनाने की दिशा में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने सभी जिलों में आवश्यक समीक्षा प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं और अंतिम मतदाता सूची सभी दलों को उपलब्ध करा दी गई है। तकनीकी सुधारों के तहत इस बार डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग किया जाएगा, खासकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। राजनीतिक दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी है, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल देखी जा रही है।




