जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक से लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित अनावरण किया। प्रमथनगर निवासी अनुप कुमार मंडल से मारपीट कर बदमाशों ने उसकी संपत्ति जबरन छीन ली थी, जिसमें पर्स, मोबाइल, नकदी और बाइक की चाबी शामिल थी। पीड़ित की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई और दो घंटे के भीतर अपराधियों को दबोच लिया।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बागबेड़ा नया बस्ती से भरत सिंह और रोहित मछुआ उर्फ रोहित नायक को पकड़ा। दोनों ने पूछताछ में अपराध कबूल किया। उनकी निशानदेही पर स्कूटी, मोबाइल फोन, दस्तावेज, ₹1200 नकद और बाइक की चाबी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी विभिन्न गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। रोहित पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, वहीं भरत पर चोरी का मामला है। इस सफलता का श्रेय थाना प्रभारी मोहम्मद फैज अहमद और उनकी टीम को जाता है, जिनकी तत्परता और सामूहिक प्रयास से मामला जल्दी सुलझ सका। टीम में कई अधिकारियों और सिपाहियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




