सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना के नए थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने पदभार ग्रहण करते ही अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। ब्राउन शुगर और नशे के विरुद्ध अभियान भी जारी है ।पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर जिलेभर में अवैध कारोबार, अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने जनता से अपील कि है कि यदि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या अवैध धंधों की जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।अभी तक चलाए गए अभियान में कई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही जुए, शराब और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसा गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि अपराध मुक्त समाज बनाना तभी संभव है जब जनता और पुलिस मिलकर काम करें। विनोद तिर्की ने यह भी कहा कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।




