पटना : बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज क्षेत्र में बीती रात एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रानीपुर गांव के निवासी और पेशे से वेल्डिंग कार्यकर्ता झगडू उर्फ रौशन कुमार की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब वह गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।

घटना स्थल, जो हनुमान मंदिर से कुछ ही दूरी पर है, पर युवक की लाश सड़क पर पड़ी मिली, जिसे सुबह ग्रामीणों ने देखा और परिवार को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और गहन पड़ताल में जुट गई। घटनास्थल से खून के नमूने, मोटरसाइकिल और अन्य वस्तुएं जब्त की गई हैं। पुलिस ने इस अपराध की पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच तेज़ी से आगे बढ़ रही है और दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा। मृतक के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम एम्स पटना में किया जा रहा है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना दिया है।




