बिहार : बक्सर जिले के ब्रह्मपुर नगर पंचायत में एक नोटरी वकील के आवास से लाखों रुपये के जाली स्टाम्प पेपर मिलने और उसकी गिरफ्तारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस मामले के उजागर होने के बाद उन लोगों की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने उससे शपथ पत्र तैयार करवाए या स्टाम्प दस्तावेज लिए। अब लोग इस उलझन में हैं कि उनके दस्तावेज कानूनी रूप से मान्य रहेंगे या नहीं।

इस खुलासे के बाद आम जनता विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग असमंजस में हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन जाली दस्तावेजों का प्रयोग कई सरकारी प्रक्रियाओं और भूमि सर्वेक्षण में भी हुआ, जिससे न केवल सरकारी तंत्र को नुकसान पहुंचा बल्कि आम जनता की कानूनी स्थिति भी दांव पर लग गई है। इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत उस समय हुई जब जिला अधिकारी अंशुल अग्रवाल को गुप्त रूप से सूचना मिली कि ब्रह्मपुर चौराहा क्षेत्र में नकली स्टाम्प बेचे जा रहे हैं। इसके बाद कोषागार अधिकारी सुकर पासवान, अनुमंडल प्रमुख राकेश कुमार और एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी की संयुक्त टीम ने छापा मारकर वकील असीम कुमार को हिरासत में लिया और 2.45 लाख रुपये से अधिक मूल्य के फर्जी दस्तावेज जब्त किए।




