जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में विजया दशमी की रात हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। 13 अक्टूबर की रात कदमा के युवक देवराज पिल्लई की बाइकर्स गैंग ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी और एक अन्य युवक को बुरी तरह से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी।पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) किशोर कौशल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसे डीएसपी के नेतृत्व में लगाया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त जानकारियों का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। गिरफ्तार किए गए युवकों के नाम मनमीत सिंह गुजराल उर्फ अनमोल, यश सोनकर उर्फ चीकू, अभय कुमार यादव उर्फ टुनटुन यादव, अरुष लाल, प्रतीक कुमार, अमित सिंह उर्फ टिड्डा, अनमोल लाल और जोयदीप नायक उर्फ जोजो हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात कबूल की है।

पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है।एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहरवासियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है, और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




