सरायकेला: (संजीव मेहता)
सरायकेला खरसावां जिले के उपायुक्त के निर्देश पर, अपने गुप्त सूचनाओं के आधार पर अधीक्षक उत्पाद सौरभ तिवारी ने अपने नेतृत्व में अवैध शराब के विरुद्ध छापामारी अभियान चला कर बड़ी सफलता हासिल की है। चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि आदित्यपुर थाना अंतर्गत नीमाईपाड़ा इलाके में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब का भंडारण किया गया है।
प्राप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने नीमाइपाड़ा क्षेत्र में छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 9 PM ब्रांड की 375 मिलीलीटर की व्हिस्की से भरी कुल 78 पेटी बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 702 लीटर पाई गई, जिसे मौके पर ही विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया।

छापेमारी के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जो इस अवैध कारोबार में प्रत्यक्ष रूप से संलिप्त पाए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर यह भी पता चला है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी संलिप्त हैं, जिनकी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उत्पाद विभाग की टीम अब पूरे नेटवर्क की तह तक जाने का प्रयास कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी ने लगातार अभियान चलाते हुए अपने टीम के उत्पाद निरीक्षक नीरज कुमार, कमलेश कुमार को निर्देश दिया है कि क्षेत्र में लगातार छापामारी कर माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई करें। वही उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी ने आम जनों से अपील की है कि वे इस प्रकार के अवैध कार्यों की सूचना दें।
वही उत्पाद अधीक्षक ने कहा किस तरह के कार्रवाई लगातार अभियान विशेष चलते रहेंगे।




