जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी गुड़ाबांधा प्रखंड के सुदूर एवं दुर्गम घने वन क्षेत्र अंतर्गत कोलाबाड़िया टोला पहुंचे। उपायुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाइक व पैदल यात्रा कर क्षेत्र का दौरा किया और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पहुंच पथ की कमी, बिजली, पेयजल की समस्या, आवास योजना का लाभ, स्थायी आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण व अन्य सुविधा प्रदान करने की मांग की,जिसपर उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मांग की प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें ।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी तरीके से हो और ग्रामीणों को इसका लाभ समयबद्ध रूप से मिले। उन्होने ग्रामीणों को आजीविका से जोड़ने तथा कृषि, पशुपालन की योजनाओं से भी जोड़ने का निर्देश दिए।वही उन्होंने कोलाबाड़िया टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय और अस्थायी आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनके पठन-पाठन, उपस्थिति तथा पाठ्य सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से भी चर्चा की और क्षेत्र में शिक्षा की स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने बच्चों को प्रेरणा दी कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं और मन लगाकर पढ़ाई करें।




