रोहतास : रोहतास जिले के काराकाट थाना प्रभारी भागीरथ कुमार ने मुहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है। थाना क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करते दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। जनता के सहयोग से ही शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले किसी भी भ्रामक संदेश की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे साझा न करें।
मुहर्रम जुलूस को लेकर थाना क्षेत्र के सभी मोहर्रम समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे तय समय और निर्धारित रूट के अनुसार ही जुलूस निकालें। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पर्व की गरिमा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी ने शांति, सौहार्द और अनुशासनपूर्ण ढंग से मुहर्रम पर्व मनाने कि अपील की
है।




