जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटा स्टील जू दिनों दिन नए फ्लेवर की ओर रुख कर रहा है। बता दे, की जब से जुबली पार्क छोर से एंट्री बंद कर मेरीन ड्राइव की ओर से आरंभ की है। उसके बाद से जू परिसर में जानवरों के लिए नए-नए बाड़े का निर्माण कराया जा रहा है। उसके तहत 21 दिसंबर को नए तितली उद्यान का उद्घाटन किया गया। अब 6 जनवरी को काला हिरण और नीलगाय के बाड़े का उद्घाटन होने वाला है। इसे लेकर जू के डिप्टी डायरेक्टर नईम अख्तर ने बताया, कि जू अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देशित मानक पर जू प्रबंधन कार्य कर रहा हैं। जिसे लेकर विभिन्न जानवरों के लिए सुविधा युक्त बाड़े का विस्तार किया जा रहा है। वहीं उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही जू में नर टाइगर का आगमन होने वाला है। वर्तमान में जू में दो मादा बाघ है, इसके आ जाने से कुल तीन बाघ हो जाएंगे।

इसके अलावा सैलानियों के लिए कई सुविधाएं भी आरंभ की गई है, जैसे पुराने छोर के बंद होने के बाद कई लोग वापस लौट जाते हैं। उनके लिए काफी कम शुल्क में बैटरी युक्त वाहन की व्यवस्था की गई है। जो जू के अंदर ले जाकर भ्रमण कराती है। इसके अलावा सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तीन टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है। जिससे उन्हें ज्यादा समय तक कतार में नहीं खड़ा रहना पड़े। वही ठंड के देखते हुए जानवरों के बारे में हीटर, बोरा, पुआल और हेलोजन की व्यवस्था की गई है, ताकि जानवरों को ठंड से बचाया जा सके। बहरहाल वर्तमान समय में जू परिसर के अंदर कई नए बाड़े का निर्माण किया जा रहा है। जहां पुराने बाड़े से जानवरों को शिफ्ट किया जाएगा।




