जमशेदपुर : टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम ने टाटा स्टील गम्हरिया का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने “कनेक्ट टू कम्यूनिटी” का स्पष्ट और प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि “कनेक्ट टू कम्यूनिटी” कॉरपोरेट सेक्टर के लिए एक ऐसा दृष्टिकोण है, जो आर्थिक प्रगति को सामाजिक संवेदनशीलता से जोड़ता है। यह विचार कंपनियों को केवल उद्योग नहीं, बल्कि समाज का जिम्मेदार स्तंभ बनाता है। यही संतुलन किसी भी संगठन को दीर्घकालिक, स्थायी और सम्मानजनक सफलता की ओर ले जाता है। किसी भी औद्योगिक इकाई की स्थायी सफलता उसके आसपास के समाज, पर्यावरण और कर्मचारियों से मजबूत जुड़ाव पर निर्भर करती है।

अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने प्लांट चीफ रंजन कुमार सिंह के साथ एसएचई ब्लॉक के सामने वृक्षारोपण कर की। इस पहल के माध्यम से उन्होंने टाटा स्टील की ग्रीन सिटी थीम को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। वृक्षारोपण को उन्होंने न केवल पर्यावरण संरक्षण, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए जिम्मेदार औद्योगिक विकास का प्रतीक बताया।
कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वीपी ने सभी कर्मचारियों के लिए दो एसी शटल बस एवं एक बोलेरो को झंडा दिखाकर रवाना किया। इस कदम से कंपनी परिसर में आवागमन को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट इकाइयों में सुरक्षित आवागमन, सड़क सुरक्षा और जोखिम शून्य की सोच समुदाय के प्रति उत्तरदायित्व को दर्शाती है। जब कंपनी कर्मचारियों और आसपास के लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है, तो विश्वास और सहयोग का वातावरण स्वतः निर्मित होता है। परिवहन व्यवस्था को मजबूत कर सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को शून्य स्तर तक लाने का संकल्प टाटा स्टील की “सेफ्टी फर्स्ट” संस्कृति का अहम हिस्सा है।
दौरे के दौरान श्री सुंदरा रामम ने कंपनी के सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक भी की, जिसमें कॉरपोरेट सर्विसेज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आपसी समन्वय, कर्मचारियों के कल्याण, बुनियादी सुविधाओं और समुदाय के साथ बेहतर तालमेल पर विशेष जोर दिया।
यह दौरा इस बात का स्पष्ट संकेत है कि टाटा स्टील न केवल औद्योगिक उत्कृष्टता, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और समुदाय के साथ गहरे जुड़ाव को अपने विकास दर्शन का अभिन्न अंग मानती है। “कनेक्ट टू कम्यूनिटी” का यह संदेश गम्हरिया इकाई में सकारात्मक ऊर्जा और साझा जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ करता है।
वीपी के उक्त दौरे के आयोजन में प्लांट चीफ रंजन कुमार सिंह के निर्देश अनुसार सीएस हेड प्रमोद कुमार की तय रुपरेखा और एरिया मैनेजर महेंद्र सिंह की कार्य योजना पर विभाग के सभी कर्मचारियों ने अमल करते हुए सफल बनाया।




