Saraikela (संजीव मेहता) : शहर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित सी रोड में मंगलवार की शाम एक घर में फ्रिज फटने से भीषण आग लग गई. इस धटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अचानक हुए तेज धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
प्राप्त जानकारी के अनुसार घर में रखे फ्रिज में अचानक विस्फोट हुआ और कुछ ही पलों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें और धुआं तेजी से फैलने लगे, जिससे घर के अंदर फंसे लोगों के सामने जान बचाने की चुनौती खड़ी हो गई. हालात इतने गंभीर हो गए कि कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खिड़की से कूदकर बाहर निकलना पड़ा. घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका.

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी. सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग से घर में रखे सामान जलकर खाक हो गए और लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि फ्रिज में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा.




