सरायकेला : सरायकेला के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के लार्ज स्केल अंतर्गत उषा मोड़ स्थित विजय श्री कंपनी का सोमवार को झामुमो के नेताओं ने मजदूरों के साथ मिलकर गेट जाम कर दिया. झामुमो नेताओं ने प्रबंधन पर मजदूरों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए तबतक गेट जाम रखने की बात कहीं जब तक कंपनी के एमडी खुले मंच पर आकर मजदूरों की मांग नहीं मानते और उन्हें उनका उचित अधिकार देने का लिखित आश्वासन नहीं देते.

झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि एक साल पूर्व भी कंपनी गेट जाम किया गया था उस वक्त प्रबंधन ने बंद कमरे में समझौता कर मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी, श्रम कानूनों में प्रदत्त अधिकारों के अनुसार देय सुविधाएं देने की बात कही थी मगर एक साल बाद भी प्रबंधन अपने वायदो पर अमल करने में नाकाम रहा और लगातार यहां मजदूरों का शोषण जारी है. नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने मंत्री दीपक बिरुआ के आदेशों का भी उल्लंघन किया है. नेताओं ने साफ कर दिया है कि जबतक शीर्ष प्रबंधन के साथ खुले मंच पर वार्ता नहीं होती तबतक आंदोलन जारी रहेगा. समाचार लिखे जाने तक कंपनी गेट पर प्रदर्शन जारी है. उधर संभावित हिंसा को देखते हुए स्थानीय पुलिस अलर्ट मोड पर है.






