दिल्ली : केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अवैध कोयला खनन, कोयला चोरी और गैरकानूनी परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 20 से 26 जुलाई 2026 तक देशभर के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। गृह मंत्रालय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत 85 स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,277 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया। साथ ही अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 40 वाहनों को जब्त किया गया, पांच लोगों को हिरासत में लिया गया तथा एक मामले में एफआईआर दर्ज की गई।

इस अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई बीसीसीएल के धनबाद क्षेत्र में हुई। यहां 14 स्थानों पर छापेमारी कर 771 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया। इसके अलावा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक वाहन भी जब्त किया गया। वहीं, पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित ईसीएल के शीतलपुर क्षेत्र में 51 स्थानों पर अभियान चलाकर 341 मीट्रिक टन कोयला और 34 वाहनों को कब्जे में लिया गया।
इसके अतिरिक्त सीसीएल के करगली (बोकारो) क्षेत्र में 11 स्थानों से 145 मीट्रिक टन तथा पिपरवार क्षेत्र में छह स्थानों से 20 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया। पिपरवार में तीन वाहन जब्त किए गए और एक प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, एसईसीएल के बिलासपुर क्षेत्र में तीन लोगों को गिरफ्तार कर दो वाहनों को भी जब्त किया गया। CISF ने बताया कि प्रभावी खुफिया सूचना, तकनीकी निगरानी और स्थानीय पुलिस व कोयला कंपनियों के समन्वय से अभियान सफल रहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।






