जमशेदपुर : बाजार में रोजमर्रा के कार्यों के दौरान खुचरा पैसों की कमी को देखते हुए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा निरंतर सिक्का वितरण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आज बैंक ऑफ़ इंडिया, बिष्टुपुर के सहयोग से प्राप्त तीन लाख रुपये के सिक्के चैंबर के सदस्यों के मध्य वितरित किए गए। चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि छोटे व्यापारियों को रोजमर्रा के लेन-देन में सिक्कों की भारी कमी का सामना करना पड़ता है। चैंबर इस व्यावहारिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए बैंकों के सहयोग से यह अभियान चला रहा है, ताकि बाजार व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

सिक्कों की उपलब्धता से न केवल व्यापार में सुविधा बढ़ेगी, बल्कि बाजार में कार्यरत छोटे स्तर के रोजगारों को भी मजबूती मिलेगी। चैंबर का प्रयास है कि अधिक से अधिक सदस्यों तक इस अभियान का लाभ पहुंचे।उन्होंने कहा कि अभी तक तकरीबन 40 लाख रूपये के सिक्के वितरित किए जा चुके है।
ट्रेड एंड कॉमर्स सचिव भरत मकानी ने कहा कि सदस्यों की मांग को ध्यान में रखते हुए आगे भी विभिन्न बैंकों के सहयोग से सिक्का वितरण अभियान को और विस्तार दिया जाएगा, ताकि बाजार में खुले पैसों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।




