गुमला: जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के बीच एक ठेकेदार को अपराधियों द्वारा डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने कुख्यात राहुल सिंह गैंग का नाम लेकर ठेकेदार को भयभीत करने की कोशिश की। ठेकेदार को एक विदेशी (पुर्तगाल) नंबर से कॉल आया, जो तकनीकी रूप से फर्जी या स्पूफ्ड बताया जा रहा है। कॉल करने वाले ने अपनी पहचान छिपाते हुए धमकी दी और तुरंत फोन काट दिया। इसके बाद ठेकेदार के मोबाइल पर दो वीडियो क्लिप भेजे गए, जिनमें अपराध से जुड़े दृश्य और गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी दिखाई गई थी।
यह घटना आदर क्षेत्र में जारी निर्माण कार्य से जुड़ी बताई जा रही है। इस तरह की धमकी मिलने के बाद इलाके के अन्य ठेकेदारों और कंपनियों में भी डर का माहौल बन गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कॉल करने के लिए फर्जी नंबर का इस्तेमाल किया गया, जिससे कॉल करने वाले की असली पहचान छिपाई जा सके। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला रंगदारी वसूलने से जुड़ा है या किसी तरह काम में बाधा डालने की साजिश है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। तकनीकी विशेषज्ञ कॉल रिकॉर्ड और भेजे गए वीडियो की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वाकई गैंग का हाथ है या सिर्फ नाम का इस्तेमाल कर ठेकेदार को डराया गया है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




