
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के अंतर्गत आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में अब सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंका तो जुर्माना भरने होंगे. शुक्रवार को यत्र तत्र कचरा फेंकने की आदतों के मद्देनजर सख्त रुख दिखाते हुए प्रशासक रवि प्रकाश ने कड़े आदेश जारी किए हैं। आदेश में उन्होंने कचरा निस्तारण एजेंसी क्यूब बायो मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड को आदेश दिया है कि वो घर-घर गीला सूखा कचरा एकत्र करने के लिए अलग अलग रंगों के पात्र वितरण करना एक सप्ताह के अंदर सुनिश्चित करें और प्रतिदिन घर-घर से कचरा संग्रह करना सुनिश्चित करें. प्रशासक ने कचरा संग्रह प्रक्रिया पर कड़े रुख अपनाते हुए आम लोगों के लिए टोल फ़्री नंबर भी जारी किया है जिसपर कचरा उठाव नहीं होने पर आम लोग टोल फ्री नंबर पर शिकायत कर सकेंगे. ऐसी स्थिति में एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।बता दें कि आदित्यपुर नगर निगम में तत्काल प्राधिकृत कचरा निस्तारण एजेंसी क्यूब बायो आदित्यपुर मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड बहाल है. उन्हें सोमवार से प्रत्येक घर में गीला एवं सूखा कचरा के संग्रह के लिए 2 डस्टबिन नीला (सूखा कचरा के लिए) एवं हरा (गीला कचरा के लिए) वितरण करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासक रवि प्रकाश के निर्देश पर एजेंसी द्वारा आमजनों के शिकायत को प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 18008899518 जारी भी कर दिया गया है. उक्त नंबर पर डोर टू डोर कचरा उठाव से संबंधित शिकायत आमलोग कर सकेंगे. यह टोल फ्री नंबर 24 घंटे काम करेगा. इसके साथ ही प्रशासक ने खुले में कचरा फेंकने पर पूरी तरह से रोक लगाते हुए जुर्माना लगाने का निर्देश भी जारी किया है.और आम लोगों से प्रॉपर कचरा संग्रह और निस्तारण में सहयोग करने की अपील भी की है।




