रांची : पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाला एक मजबूत दायित्व है। पत्रकार की कलम जब चलती है तो वह केवल शब्द नहीं लिखती, बल्कि समाज की सच्चाई, पीड़ा, संघर्ष और उम्मीदों को सामने लाती है। इसलिए कहा जाता है कि पत्रकार की कलम बोलती है, जागरूक करती है और समय आने पर व्यवस्था को आईना भी दिखाती है।
आज के दौर में पत्रकारों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। समाज में हो रही घटनाओं, भ्रष्टाचार, अपराध, अन्याय और जनसमस्याओं को उजागर करना पत्रकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। एक सच्चा पत्रकार सत्ता और जनता के बीच सेतु का काम करता है। वह उन आवाजों को मंच देता है जो अक्सर दबा दी जाती हैं। गांवों की समस्याएं, गरीबों की पीड़ा, किसानों की चिंता, बेरोजगार युवाओं का संघर्ष और महिलाओं की सुरक्षा जैसे विषयों को समाज के सामने लाना पत्रकारिता का मूल उद्देश्य है।

हालांकि पत्रकारिता की राह आसान नहीं होती। कई बार सच लिखने पर दबाव, धमकी और आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ता है। सच लिखने पर पत्रकारों की जान भी चली जाती है ।इसके बावजूद भी निष्पक्षता और ईमानदारी बनाए रखना पत्रकार का सबसे बड़ा धर्म है। यदि पत्रकार अपनी जिम्मेदारी भूलकर केवल सनसनी या निजी स्वार्थ में उलझ जाएं, तो समाज का भरोसा कमजोर हो जाता है। इसलिए पत्रकारिता में सत्य, संवेदनशीलता और नैतिकता का होना बेहद आवश्यक है।
सोशल मीडिया और डिजिटल युग ने सूचना को तेज जरूर कर दिया है, लेकिन इसके साथ फर्जी खबरों का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की जांच कर सही खबर जनता तक पहुंचाएं। एक जिम्मेदार पत्रकार वही है जो खबर दिखाने से पहले उसके सामाजिक प्रभाव को भी समझे।
पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की ताकत मानी जाती है। यह कलम जनता की आवाज बनकर अन्याय के खिलाफ लड़ती है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है। पत्रकार कि लेखनी केवल खबर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सोच तैयार करती है।

समाज को जागरूक, सुरक्षित और मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका अमूल्य है। जब पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाते हैं, तब उनकी बोलती कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बन जाती है।




