Saraikela(संजीव मेहता) :शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, जमशेदपुर महानगर की एक महत्वपूर्ण बैठक मानगो पोस्ट ऑफिस रोड स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल में आयोजित की गई. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य न्यास द्वारा संचालित “एक राष्ट्र, एक नाम: भारत” हस्ताक्षर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा जमशेदपुर महानगर से 10,000 हस्ताक्षर एकत्रित कर प्रांत कार्यालय को भेजना है. इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पूरे देश से हस्ताक्षर एकत्रित कर महामहिम राष्ट्रपति को प्रेषित किए जाएंगे. ताकि हमारे देश का नाम “भारत” ही आधिकारिक रूप से मान्य हो और किसी अन्य नाम का प्रयोग न किया जाए.

यह अभियान 23 फरवरी से प्रारंभ होकर 5 मार्च तक चलेगा. इसकी संकल्पना 10 फरवरी से 10 मार्च तक प्रयागराज में आयोजित ज्ञान महाकुंभ में तैयार की गई थी. जिसके पश्चात इसे पूरे देश में लागू किया गया. आज की बैठक की अध्यक्षता डॉ. रंजीत प्रसाद (पूर्व व्याख्याता, एनआईटी जमशेदपुर, प्रभारी पूर्वी क्षेत्र एवं राष्ट्रीय सह संयोजक, तकनीकी शिक्षा, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास) ने की. इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं समाजसेवी उपस्थित रहे. जिनमें मुख्य रूप से शिव प्रकाश शर्मा (संस्थापक, साउथ प्वाइंट स्कूल, महानगर संयोजक), नारायण त्रिगुण (संस्थापक, श्रीमन क्लासेज, प्रांत संयोजक, प्रतियोगी परीक्षा), प्रो. अमर नाथ सिंह (महानगर सह संयोजक एवं अभियान प्रभारी), रविषेक (संस्थापक, वेदांता क्लासेज), उदय शंकर पाठक (प्राचार्य, गिरिश विद्या मंदिर) प्रेम सक्सेना शामिल थे. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शहर के विभिन्न विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं रेसिडेंशियल सोसाइटीज में जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाई जाएगी. सभी सदस्यों को अपने-अपने स्तर से 10000 हस्ताक्षर एकत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई तथा तय समय सीमा में आंकड़ा पूरा कर प्रांत कार्यालय को भेजने का संकल्प दिलाया गया.




