सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में अक्टूबर 2025 के चावल वितरण में भारी अनियमितता सामने आई। यह मामला केवल गम्हरिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अन्य प्रखंडों की स्थिति भी चिंताजनक पाई गई। झारखंड खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लाभुकों के लिए गम्हरिया के पीडीएस विक्रेताओं को चावल पहुंचाया ही नहीं गया, जबकि अभिलेखों में 11.31 प्रतिशत वितरण दर्शाया गया। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में भी 17.23 प्रतिशत वितरण का दावा दर्ज किया गया।

उपायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान जब यह तथ्य उजागर हुआ,तो डीसी नितीश कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को फटकार लगाई। जानकारी के अनुसार जिले को हरा कार्डधारियों के लिए 3431.40 क्विंटल चावल का आवंटन हुआ था, जिसमें से केवल 586.43 क्विंटल वितरण के रूप में दर्ज किया गया। आदित्यपुर के लिए 1211.45 क्विंटल का आवंटन हुआ, लेकिन 204.98 क्विंटल ही दर्शाया गया। वहीं गम्हरिया प्रखंड को 423.50 क्विंटल चावल मिला, मगर वितरण मात्र 47.89 क्विंटल दर्ज किया गया। स्थानीय पीडीएस डीलरों ने बताया कि उन्हें अनाज कभी मिला ही नहीं। इस खुलासे से प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया और जांच की मांग तेज हो गई है।




